
22 वर्षों से एक ही कार्यालय में पदस्थ लेखापाल पर भ्रष्टाचार के आरोप, जांच की मांग
Latehar : झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने जिला शिक्षा विभाग में पदस्थ लेखापाल सुरेंद्र भगत के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव, उपायुक्त लातेहार एवं क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई), पलामू प्रमंडल को आवेदन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
रवि कुमार डे ने आवेदन के माध्यम से बताया है कि सुरेंद्र भगत वर्ष 2004 से जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के कार्यालय, लातेहार में लेखापाल के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 22 वर्षों से एक ही कार्यालय में पदस्थ रहने के कारण उन्होंने स्थानीय स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।
आवेदन में कहा गया है कि पूर्व में उनका तबादला भी किया गया था, लेकिन कथित तौर पर वे दोबारा इसी कार्यालय में वापस आ गए। श्री डे ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र भगत ने शिक्षा विभाग में कार्यरत रहते हुए भ्रष्टाचार के माध्यम से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है। आवेदन में रांची के बरियातू हिनू में करोड़ों रुपये का मकान और महंगी जमीन खरीदने का भी आरोप लगाया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के विभिन्न मदों से कथित तौर पर प्रत्येक माह लाखों रुपये की अवैध वसूली की जाती है। आवेदन में कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
रवि कुमार डे ने संबंधित अधिकारियों से सुरेंद्र भगत को वर्तमान पदस्थापना से हटाकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।





