
452 केंद्रों पर बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक जांच परीक्षा आयोजित
Latehar : जिले में एनआईओएस के माध्यम से 20 सितंबर 2026 को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक जांच परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए जिलेभर में कुल 452 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
जिले में 16 हजार नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया था, जिसके विरुद्ध करीब 15 हजार नवसाक्षरों ने परीक्षा दी। उपायुक्त लातेहार के निर्देशन में परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधीक्षक सह सचिव, जिला साक्षरता समिति ऋषिकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला साक्षरता समिति संदीप प्रजापति ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का अनुश्रवण किया।वहीं, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, BRP, CRP, DRG, SRG एवं BRC कर्मियों ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी की।परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया था।
कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केंद्रों से लगातार जानकारी ली जा रही थी और आवश्यकतानुसार समस्याओं का समाधान किया जा रहा था।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।




