5 हजार रिश्वत लेते बोकारो जिले का A.S.I गिरफ्तार

Ranchi : झारखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने मंगलवार को बोकारो में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक मो. याकूब अंसारी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस पदाधिकारी पर जमीन विवाद मामले की जांच के नाम पर परिवादी से रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी को इसकी शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में धनबाद एसीबी के डीएसपी बिनोद महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवादी ने वर्ष 2009 में बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर स्थित खाता नंबर-01, प्लॉट नंबर-641 की 13 डिसमिल जमीन खरीदी थी। जमीन लूट और धमकी से जुड़े मामले में परिवादी ने बालीडीह थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास, पुलिस अधीक्षक बोकारो और उपायुक्त से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। इसके बाद मामले की जांच बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी।

आरोप है कि जांच के दौरान आरोपी पुलिस पदाधिकारी ने जमीन पर जाकर जांच करने और कार्रवाई करने के एवज में परिवादी से पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की। परिवादी रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता था, जिसके बाद उसने एसीबी मुख्यालय रांची में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी की ओर से कराए गए सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद कांड संख्या 04/2026 दर्ज कर धावा दल का गठन किया गया।

एसीबी की टीम ने बोकारो के नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने जाल बिछाकर आरोपित एएसआई मो. याकूब अंसारी को परिवादी मोहम्मद मनाज़िर हसन से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। फिलहाल एसीबी आरोपित से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!