गढ़वा में दिनदहाड़े हुआ सरकारी टीचर का मर्डर
Gadhwa : गढ़वा के बड़गड़ स्थित सालो जंगल के ललमटिया मोड़ के पास बाइक सवार एक सरकारी शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और मृतक की बाइक बरामद कर जांच शुरू कर दी।
रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के पास अपराधियों ने दीपक कुजूर (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। दीपक मूल रूप से सिमडेगा जिले के निवासी थे और प्राथमिक विद्यालय साढ़ुबेरा में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वे शनिवार को अपनी सास को गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित ससुराल छोड़ने आए थे और रविवार सुबह अपने घर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दीपक अपनी अपाचे बाइक से भंडरिया की ओर से बड़गड़ जा रहे थे। इसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और ललमटिया मोड़ के पास रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीपक अपनी जान की गुहार लगाते रहे, लेकिन अपराधियों ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य और रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दीपक को भंडरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की अपाचे बाइक, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में लेन-देन के विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक के साले जोहन केरकेट्टा ने बताया कि दीपक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




