गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार के लिए पत्नी रिया सिन्हा को एक दिन की पैरोल मंजूर, बुधवार को हो सकता है दाह संस्कार
Palamu : कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनकी पत्नी रिया सिन्हा को व्यवहार न्यायालय, मेदिनीनगर से एक दिन की पैरोल स्वीकृत हुई है। यह जानकारी सुजीत सिन्हा के अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश की प्रति मेदिनीनगर जेल अधीक्षक को उपलब्ध करा दी गई है, जिसे ईमेल के माध्यम से चाईबासा जेल अधीक्षक को भेज दिया गया है। यदि आज शाम तक रिया सिन्हा पैरोल पर चाईबासा जेल से रिहा हो जाती हैं, तो बुधवार को सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किए जाने की संभावना है। फिलहाल परिजन रिहाई की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।

बता दें कि झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिला में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई थी। सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुलिस वाहन खराब होने के बाद उसे दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया था और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की थी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमे सुजीत मारा गया था। साहिबगंज एसपी अमित सिंह और जामताड़ा एसपी शंभु सिंह ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने की पुष्टि की थी।



