
लातेहार में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रहे दो युवकों की मौत, धान रोपाई के दौरान महिला घायल
Latehar : मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक हुई वज्रपात की घटना में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पहली घटना चंदवा थाना क्षेत्र के सुरली पंचायत अंतर्गत बनहरदी गांव की है। यहां 18 वर्षीय उपेंद्र उरांव की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उपेंद्र अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हुई और मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उपेंद्र अपने माता-पिता धनलाल उरांव और हिरवा देवी का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरी घटना सदर प्रखंड की जालिम पंचायत में हुई। यहां शिवनाथ उरांव की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जाता है कि वह अपने खेत में हल चला रहा था। इसी दौरान बारिश शुरू हुई और अचानक हुई वज्रपात की चपेट में आ गया। परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के होटवाग गांव में हुई। यहां धान रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 24 वर्षीय निर्मला देवी, पति सुरेंद्र सिंह, गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों एवं ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर राजद के प्रदेश सचिव रंजीत यादव और जिला उपाध्यक्ष संतोष यादव सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायल महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने में सहयोग किया।




