सांसद प्रतिनिधि अक्षय कुमार ने स्कूल में बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, खेल सामग्री का किया वितरण
करार राजकीयकृत कन्या मध्य विद्यालय में बैडमिंटन, फुटबॉल, शतरंज सहित पौधे और टॉफी भी बांटे, बच्चों को खेल और शिक्षा में आगे बढ़ने को किया प्रेरित
Panki (Palamu) : पलामू सांसद प्रतिनिधि अक्षय कुमार ने अपने जन्म दिन के अवसर पर बुधवार को करार राजकीयकृत कन्या मध्य विद्यालय में छात्र एवं छात्राओं के साथ जन्म दिन मनाया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में खेल सामग्री का वितरण भी किया।स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों और बच्चों ने उनका स्वागत किया।

अक्षय कुमार ने बच्चों को टॉफी वितरित की। साथ ही विद्यालय को बैडमिंटन, फुटबॉल, शतरंज, लूडो, जंपिंग रस्सी जैसी खेल सामग्री और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भी भेंट किए।इस मौके पर उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन का अहम हिस्सा है। खेल से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ शरीर का विकास होता है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में भी बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
प्रधानाचार्य तालकेश्वर सिंह के द्वारा सांसद प्रतिनिधि अक्षय कुमार को रामायण पुस्तक भेंट की गई।कार्यक्रम में शिक्षक तालकेश्वर सिंह, इंद्रजीत तिवारी, आयुष कुमार, उदय कुमार, जुल्फीकार अली हैदर सहित विद्यालय के सभी छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे। शिक्षकों ने सांसद प्रतिनिधि के इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे बच्चों का मनोबल बढ़ेगा।




