झारखंड के 6 जिलों में 14 अगस्त को बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Ranchi : झारखंड के छह जिलों में 14 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला और लोहरदगा शामिल हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।

विभाग के अनुसार, 16 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे देखते हुए राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। हालांकि, एक जून से 12 अगस्त तक झारखंड में कुल 492.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 627.6 मिलीमीटर है। इस लिहाज से राज्य में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश खूंटी जिले के तोरपा में 69.3 मिलीमीटर दर्ज की गई। राजधानी रांची में 47 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान लातेहार में 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। धूप निकलने के कारण गर्मी के साथ भारी उमस भी महसूस की गई।
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 24.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.8 और न्यूनतम 24.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।




