छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड के भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
New Delhi : झारखंड में छात्रों के साथ हुए बर्बरतापूर्ण कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में संसद भवन परिसर में झारखंड और ओडिशा के भाजपा सांसदों ने प्रदर्शन किया.

छात्रों में हाथों में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया. साथ ही हेमंत सरकार और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने झारखंड में हुए लाठीचार्ज के लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेवार ठहराया है. उन्होंने कहा राहुल गांधी दिल्ली और भाजपा शासित दूसरे राज्यों में छात्रों के मुद्दे उठाते हैं, लेकिन झारखंड के मुद्दे पर उन्होंने चुप्पी साध ली है. उन्होंने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा को रद्द कर सीबीआई जांच कराने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान सांसद वीडी राम, विद्युत वरण महतो, मनीष जायसवाल समेत कई सांसद शामिल थे.
जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में हुई कथित धांधली के खिलाफ विधानसभा मार्च कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल के विरोध में झारखंड में भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतरे थे. कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध जताया था. रांची में बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, भानु प्रताप शाही और रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू सहित कई कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे थे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखकर छात्रों के समर्थन की अपील की थी.



