पलामू: सब्जी बाजार में फेंका हुआ मिला एक क्विंटल से अधिक टमाटर
Palamu : बरसात के मौसम में अत्यधिक नमी और उमस के कारण टमाटर जल्दी गल और फट जा रहे है।जिससे सब्जी विक्रेताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। खराब माल की वजह से ग्राहकों की कमी और कम दाम मिलने से व्यापारी काफी परेशान है। आज यही नजारा मेदिनीनगर शहर के सब्जी बाजार में देखने को मिला।

एक क्विंटल से अधिक सड़ा और गला टमाटर सब्जी विक्रेता सड़क पर फेंक कर घर चले गए।सब्जियों की खेती कर अपने परिवार का गुजारा करने वाले किसानों के लिए भी इस बार बारिश आफत बन कर बरसी है। जिले में बारिश ने टमाटर की खेती को भारी नुकसान पहुंचाया है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में सब्जियों की खेती कर अपने परिवार का गुजारा करने वाले किसानों के लिए बारिश कहर बनकर टूटी है।
हाल यह है कि मुनाफा तो दूर की बात किसानों के लिए पूंजी भी निकाल पाना मुश्किल हो रहा है।अब किसानों को खेतों में टमाटर ढूंढना पड़ रहा है। ज्यादातर फसल सड़ चुकी है, या फिर सड़ने की स्थिति में है। 20-25 हजार रुपए पूंजी लगाने वाले किसान अपनी पूंजी भी नहीं निकाल पा रहे है।



