भारतीय व्यापार महोत्सव ने रचा इतिहास, 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित

New Delhi : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित चार दिवसीय भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) 2026 का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में 1.8 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित हुए है।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव में व्यापारियों, निर्माताओं, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, निवेशकों, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, उपभोक्ताओं तथा विदेशी खरीदारों सहित 1.8 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस व्यापार महोत्सव के दौरान आयोजित खरीदार-विक्रेता बैठकों, व्यापारिक संवादों, सोर्सिंग चर्चाओं और साझेदारी वार्ताओं के परिणामस्वरूप पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित हुए हैं, जिनके आने वाले महीनों में वास्तविक व्यापारिक सौदों में परिवर्तित होने की संभावना है।

खंडेलवाल ने बताया कि बीवीएम 2026 की एक प्रमुख विशेषता इसकी मजबूत अंतरराष्ट्रीय भागीदारी रही। इस व्यापार महोत्सव में 23 देशों के 347 विदेशी प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें अफ्रीका, यूरोप, एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और लैटिन अमेरिका के देशों के प्रतिनिधि शामिल थे। उन्होंने कहा कि महोत्सव में 20 से अधिक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय ब्रांड प्रतिनिधियों और वैश्विक बाइंग हाउसेज़ की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण रही।

कैट महामंत्री ने कहा कि इनमें प्राइमरी ग्रुप, रिलायंस रिटेल, ट्राइबर्ग, इम्पल्स और न्यू टाइम्स ग्रुप प्रमुख रहे। इन संस्थाओं ने वस्त्र, फैशन, कृषि, लाइफस्टाइल, हस्तशिल्प, एफएमसीजी तथा विनिर्माण क्षेत्रों के प्रदर्शकों के साथ व्यापक व्यापारिक बैठकें कीं, जिससे निर्यात और वैश्विक बाजारों तक पहुंच के नए अवसर खुले। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, एफएमसीजी, ऑर्गेनिक उत्पाद, वस्त्र एवं परिधान, हस्तशिल्प, चमड़ा एवं फुटवियर, स्वास्थ्य सेवाएं एवं फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, अक्षय ऊर्जा, निर्माण सामग्री, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल समाधान, रिटेल, ई-कॉमर्स, पर्यटन, आतिथ्य तथा एमएसएमई विनिर्माण सहित अनेक क्षेत्रों की भारत की क्षमताओं का व्यापक प्रदर्शन किया गया।

खंडेलवाल ने बताया कि कैट की नई पहल “भारत इनोवेशन एंड स्टार्टअप एक्सचेंज (बीआईएसई)” महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। इसके तहत 150 से अधिक स्टार्टअप पिच सत्र, 8 पैनल चर्चाएं, 35 प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की भागीदारी तथा 500 करोड़ रुपये की औसत निवेश क्षमता वाले 50 से अधिक निवेशकों की उपस्थिति रही। इस पहल ने नवाचार, निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!