3.92 करोड़ का चावल भुगतान फंसा, व्यवसायी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
75 ट्रक अरवा चावल भेजने का दावा, 5.25 करोड़ में मिले 1.33 करोड़ रुपये
Palamu : हरिहरगंज के बेलोदर मोहल्ला निवासी बजरंग ट्रेडिंग एंड कंपनी के प्रोपराइटर धर्मेंद्र गुप्ता ने बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के अंजनवा बलवंत बिगहा निवासी चावल व्यवसायी चंद्रशेखर यादव पर करीब 3.92 करोड़ रुपये के भुगतान में गड़बड़ी और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

इस मामले में धर्मेंद्र गुप्ता के आवेदन पर हरिहरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि छह जून से 23 जून 2026 के बीच चंद्रशेखर यादव को 75 ट्रक अरवा चावल भेजा गया था। चावल की कुल कीमत करीब 5.25 करोड़ रुपये थी। इसके एवज में उन्हें अब तक 1.33 करोड़ रुपये का भुगतान मिला है, जबकि 3.92 करोड़ रुपये बकाया हैं। व्यवसायी का आरोप है कि बकाया राशि का भुगतान करने के बजाय उन्हें ही उलझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चावल की आपूर्ति और लेन-देन से संबंधित रजिस्टर-पंजी, धर्मकांटा के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल और चैटिंग समेत अन्य साक्ष्य उनके पास हैं। धर्मेंद्र गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वास में लेकर चंद्रशेखर यादव ने उनसे पांच ब्लैंक चेक समेत अन्य कागजात लिये थे। अब उन्हीं कागजात के आधार पर उन्हें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया राशि दिलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि चावल की आपूर्ति में उनके साथ काम करने वाले व्यवसायी अभय रंजन उर्फ संतोष गुप्ता, उमेश कुमार, मंजीत कुमार और रंजीत कुमार उर्फ छोटू शौंडिक का चावल भी शामिल था।
क्या कहा थाना प्रभारी ने
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि धर्मेंद्र गुप्ता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।




