अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में भीम आर्मी ने निकाली आक्रोश रैली

Latehar : मनिका प्रखंड में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर भीम आर्मी (भारत एकता मिशन), लातेहार ने कड़ा आक्रोश जताया। मंगलवार को संगठन की ओर से माको डाकबंगला से जिला समाहरणालय तक आक्रोश रैली निकाली गई। रैली के बाद समाहरणालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान एसडीपीओ संदीप गुप्ता, सिटी डीएसपी प्रदीप कुमार और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई का आधिकारिक आश्वासन दिए जाने के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। इसके बाद भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष जगजीवन राम के नेतृत्व में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया है कि मनिका प्रखंड में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से बहुजन समाज सहित आम नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। घटना को लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने और प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर स्थिति गंभीर बनी हुई है। संगठन का कहना है कि दोषियों के खुलेआम घूमने से लोगों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।

भीम आर्मी ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, उनकी पहचान कर अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इसके अलावा संगठन ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई एवं सम्मानजनक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा शीघ्र स्थापित करने, प्रतिमा स्थल की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मामले में प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!