खनिज कानून के विरोध में झामुमो का जनजागरण अभियान तेज, नावा बाजार में नुक्कड़ सभा व प्रतिवाद मार्च

बिल वापस होने तक जारी रहेगा आंदोलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए झामुमो संकल्पित : अविनाश देव

Palamu : केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम (एमएमडीआर एक्ट) के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का राज्यव्यापी जनजागरण अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नावाबाजार प्रखंड मुख्यालय में नुक्कड़ सभा एवं प्रतिवाद मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रस्तावित कानून वापस लेने की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो नेता अविनाश देव, केंद्रीय समिति सदस्य जुगल किशोर चंद्रवंशी एवं उपाध्यक्ष असफर रब्बानी ने किया। मौके पर संगठन सचिव शाहबाज आलम,पलामू युवा मोर्चा अध्यक्ष सूरज जी,क्रीड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमित बर्मन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के जल, जंगल, जमीन एवं खनिज संसाधनों पर झारखंडियों का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कानून राज्य के हितों और विकास के विरुद्ध है। नेताओं ने कहा कि खनिज संसाधनों से मिलने वाला राजस्व राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वक्ताओं ने मंईयां सम्मान योजना, किशोरी समृद्धि योजना, सावित्रीबाई फुले योजना और गुरुजी क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं पर संभावित प्रभाव को लेकर लोगों को जागरूक करने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि कानून से राज्य को प्रतिवर्ष करीब 14 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है।

अविनाश देव ने कहा कि किसी भी कीमत पर झारखंडियों को जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा के अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिल वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा और कार्यकर्ता विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम में संजय सिंह, डॉ. उम्मत रसूल, इम्तियाज अंसारी, सत्येंद्र यादव, सुलेमान मियां, राजेंद्र यादव, गिरिज प्रजापति, रविंद्र प्रजापति, अध्यक्ष राजेंद्र सोनी, सचिव अली शेर एवं सूरज जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, चांद-भैरव, फूलो-झानो, तिलका मांझी और वीर बुद्धू भगत के संघर्ष को याद करते हुए झारखंड के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। झामुमो नेताओं ने कहा कि जन जागरण, नुक्कड़ सभा और प्रतिवाद मार्च का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!