Ranchi में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, सफारी वाहन समेत नकदी जब्त
Ranchi : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डोम टोली तालाब पट्टी इलाके से पुलिस ने बुधवार को एक युवक को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से गांजा और टाटा सफारी वाहन से ब्राउन शुगर बरामद की है। मौके से नकदी और आईफोन भी जब्त किया गया।

नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की बिक्री से संबंधित मिल रही सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि डोम टोली निवासी मो. अनस कुरैशी सफेद रंग की टाटा सफारी से मादक पदार्थों की बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन की जांच की। वाहन के मालिक की पहचान मो. अनस कुरैशी के रूप में होने के बाद पुलिस ने उसके और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 16 ग्राम गांजा और वाहन से 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से 4,700 रुपये नकद, एक आईफोन और टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया। मामले में लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मो. अनस कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनबाद जिले के बरोरा थाना में भी मामला दर्ज है।
कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह सहित पुलिस पदाधिकारी और थाना रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही।




