नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ईडी की बड़ी कार्रवाई, दक्षिण भारत में 30 ठिकानों पर तलाशी
New Delhi : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों से जुड़े आठ मामलों में दक्षिण भारत में एक साथ बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। ईडी की विभिन्न जोनल टीमों की ओर से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में कुल 30 ठिकानों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 17 के तहत कार्रवाई की गई।

ईडी के अनुसार, दक्षिण क्षेत्र के सभी जोन में एक साथ की जा रही इस कार्रवाई के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े कथित धन के लेनदेन से संबंधित आठ अलग-अलग मामलों की जांच की जा रही है। तलाशी के दौरान एजेंसी का उद्देश्य मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों से जुड़े धन, संपत्तियों, बैंक खातों, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का पता लगाना है। आगे की जांच जारी है।
तमिलनाडु के निसारदीन, कासिलिंगम और अन्य से जुड़े मामले में 11 जून 2024 को एनसीबी ने मंडपम शरणार्थी शिविर में रह रहे श्रीलंकाई नागरिक एन. अजनथन और के. मधुशन को पकड़ा था। उनके पास से 1.470 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ था। 14 जून 2024 को चेन्नई के मन्नाडी स्थित अंगप्पा नायकेन स्ट्रीट के दुकान संख्या 193/138 पर के. कृष्णा कुमारी को मोहम्मद रिजालुदीन से रुपये लेते हुए पकड़ा गया। वहां से 1.29 करोड़ रुपये से अधिक भारतीय मुद्रा, 30 हजार अमेरिकी डॉलर और 5,030 श्रीलंकाई रुपये बरामद किए गए। ईडी के अनुसार, उक्त परिसर का संचालन दुबई में रह रहे एस. निसारदीन की ओर से मोहम्मद रिजालुदीन कर रहा था और इसका इस्तेमाल अनधिकृत हवाला लेनदेन के लिए किया जा रहा था। इस मामले में चेन्नई और रामनाथपुरम जिले में दो ठिकानों पर तलाशी चल रही है।
तमिलनाडु के सैयद इब्राहिम, बयसुल रहमान और अन्य से जुड़े मामले में 24 जुलाई 2024 को एनसीबी ने चेन्नई के किलाम्बक्कम बस टर्मिनस के पास बयसुल रहमान को पकड़ा था। उसके पास से 5.970 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ। एनसीबी ने इस मामले में 39.38 लाख रुपये नकद, 586 ग्राम सोना और एक किलोग्राम चांदी भी जब्त की थी। ईडी के अनुसार, इस मामले में चेन्नई और रामनाथपुरम के बीच हवाला और नकदी लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। रामनाथपुरम और तिरुनेलवेली में दो ठिकानों पर तलाशी जारी है।
उदय कुमार और अन्य से जुड़े तमिलनाडु के मामले में 10 दिसंबर 2023 को एनसीबी ने चेन्नई के मन्नाडी स्थित होटल व्हाइट पैलेस के कमरा संख्या 109 में श्रीलंकाई नागरिक एस. उदय कुमार के कब्जे से दो किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद किया था। जांच में सामने आया कि उसे श्रीलंका के राजन उर्फ मदन के निर्देश पर यह खेप प्राप्त करने के लिए चेन्नई भेजा गया था। इसी मामले में एनसीबी ने अंबत्तूर स्थित वायरलेस ग्राउंड से 54.600 किलोग्राम मेथामफेटामाइन भी बरामद किया था। ईडी के अनुसार, इस मामले में छह ठिकानों पर तलाशी चल रही है।
एम. एलेक्स और अन्य से जुड़े मामले में 13 अप्रैल 2025 को एनसीबी ने पुडुकोट्टई-मदुरै मार्ग पर मेलाविलाकुडी के पास एम. एलेक्स को 950 ग्राम मेथामफेटामाइन हाइड्रोक्लोराइड के साथ पकड़ा था। उसके पास से दो लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक टोयोटा कैमरी कार भी जब्त की गई थी। जांच में उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्तियों और बैंक लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच सामने आई है। ईडी के अनुसार, नागपट्टिनम, वेलांकन्नी और थलियामाडी में करीब 54 झींगा फार्म और वाहनों में कथित मादक पदार्थों से हुई आय के निवेश की भी जांच की जा रही है। इस मामले में नागपट्टिनम और वेलांकन्नी में छह स्थानों पर तलाशी जारी है।



