लाई-पइलापत्थर पुनर्वास को लेकर ग्राम प्रधान व जनप्रतिनिधियों संग बैठक

Latehar : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में लाई-पइलापत्थर स्थल पर पुनर्वास के संबंध में समीपवर्ती गांवों के ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पलामू टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवस्थित कुजरूम एवं लाटू गांव के ग्रामीणों के पुनर्वास को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इन गांवों के पुनर्वास हेतु सरयू प्रखंड अंतर्गत चोरहा पंचायत के लाई एवं पइलापत्थर गांव में प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर पुनर्वासित होने वाले परिवारों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि पुनर्वास प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। पुनर्वास स्थल पर सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।बैठक के दौरान पइलापत्थर गांव के ग्राम प्रधान उपस्थित नहीं थे। उपायुक्त ने उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों से पुनर्वास की प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुनर्वास एक संवेदनशील विषय है, जिसमें सभी पक्षों के सहयोग एवं आपसी समन्वय से ही बेहतर समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपत्ति होने पर उसे प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि नियमानुसार उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी से शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।बैठक में ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों से भी पुनर्वास स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से संबंधित सुझाव प्राप्त किए गए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना, उतरी प्रमंडल, कोर एरिया, कुमार आशीष, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुण्डरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, एसडीपिओ महुआडांड़, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गारू, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सरयू, अंचल अधिकारी गारू, सांसद प्रतिनिधि विवेकानंद गुप्ता, मनिका विधायक प्रतिनिधि सुनील प्रसाद, संबंधित प्रखंड प्रमुख, ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!