निर्जला व्रत रख सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र की कामना की

Latehar : सुहाग, समर्पण और आस्था के पर्व हरितालिका तीज को लेकर लातेहार में महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों तक सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा।
सुबह स्नान-ध्यान के बाद महिलाओं ने व्रत का संकल्प लिया और सोलहों श्रृंगार कर महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पूरे दिन बिना अन्न-जल ग्रहण किए उपवास रखा।

तीज पर शिव-पार्वती की पूजा, अखंड सुहाग की कामना

कई स्थानों पर तीज व्रत की कथा भी सुनी गई।मिट्टी से बने शिव, पार्वती और गणपति की प्रतिमाओं की पूजा कर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सुहाग की कामना की।शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तीज को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारी शुरू हो गई थी। जगह-जगह पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। आचार्यों ने व्रती महिलाओं को हरितालिका तीज की कथा सुनाई और विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।

भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए माता पार्वती ने रखा था व्रत

पूजारी ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी।

भाद्रपद शुक्ल तृतीया के दिन भगवान शिव ने उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार करने का वचन दिया था। इसी मान्यता के आधार पर सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना से हरितालिका तीज का व्रत रखती हैं।

इस अवसर पर महिलाओं ने मंगलागौरी के दर्शन-पूजन की भी परंपरा निभाई। मान्यता है कि मंगलागौरी की पूजा से सुहाग, संतान सुख और आरोग्य की कामना पूरी होती है। वहीं अविवाहित कन्याएं भी विवाह संबंधी मनोकामना लेकर माता का दर्शन-पूजन करती हैं।
निर्जला व्रत के बाद महिलाएं अगले दिन सुबह पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण करेंगी। पूरे जिले में तीज पर्व को लेकर भक्ति, उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!