चैनपुर में चार की मौत, करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से घटी घटना
Palamu : पलामू में करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान पांच किशोर नदी में डूब गए, जिसमें से चार की मौत हो गई. वहीं एक की तलाश जारी है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव की है.

मृत चारों लड़केपतरिया गांव के रहने वाले थे।दरअसल, बुधवार की सुबह करमा पूजा की सामग्री को विसर्जन करने के लिए पांच लड़के कोयल नदी में उतरे थे. लेकिन विसर्जन के दौरान पांचों नदी में डूब गए. स्थानीय ग्रामीणों ने जब उन्हें डूबते हुए देखा तो शोर मचाया. जिसके बाद अन्य ग्रामीण भी जमा हो गए।
ग्रामीणों ने लड़कों की तलाश शुरू की, जिसमें चार लड़कों के शव बरामद किए गए हैं. चारों लड़के एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं. फिलहाल, चारों शवों को अस्पताल भेजा गया है. वहीं लापता एक युवक की तलाश की जा रही है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि घटना में चार लड़कों की मौत हुई है. वहीं एक लड़का लापता है. पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जानकारी इकट्ठा कर रही है।स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव चौधरी ने बताया कि चार लड़कों की मौत हुई है. सभी नदी में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने गए थे.
सभी लड़कों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच की है. जिस इलाके में यह घटना हुई है, उस इलाके में कोयल नदी की तेज धारा गुजरती है. सभी लड़के तेज धार की चपेट में आ गए।



