झारखंड में 6 की मौत, करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान डूबने से हुई घटना
Palamu : झारखंड में करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से 6 की मौत हो गई। यह घटना पलामू जिला के दो थाना क्षेत्रों और हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के
में हुई है।
पलामू में पहली घटना : चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव की है
दरअसल, बुधवार की सुबह करमा पूजा की सामग्री को विसर्जन करने के लिए पांच लड़के कोयल नदी में उतरे थे. लेकिन विसर्जन के दौरान पांचों नदी में डूब गए. स्थानीय ग्रामीणों ने जब उन्हें डूबते हुए देखा तो शोर मचाया. जिसके बाद अन्य ग्रामीण भी जमा हो गए।
ग्रामीणों ने लड़कों की तलाश शुरू की, जिसमें चार लड़कों के शव बरामद किए गए हैं. चारों लड़के एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं. फिलहाल, चारों शवों को अस्पताल भेजा गया है. वहीं लापता एक युवक की तलाश की जा रही है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने कहा
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि घटना में चार लड़कों की मौत हुई है. वहीं एक लड़का लापता है. पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जानकारी इकट्ठा कर रही है।स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव चौधरी ने बताया कि चार लड़कों की मौत हुई है. सभी नदी में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने गए थे.

सभी लड़कों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच की है. जिस इलाके में यह घटना हुई है, उस इलाके में कोयल नदी की तेज धारा गुजरती है. सभी लड़के तेज धार की चपेट में आ गए।
पलामू में दूसरी घटना : पाटन में करम डाली विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से युवती की मौत
पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया गांव में करम डाल विसर्जन के दौरान एक युवती की तालाब में डूबने से मौत हो गयी।मृतिका की पहचान दिलीप पासवान की पुत्री सिंपी कुमारी उम्र 16 वर्ष के रूप में की गई है।जानकारी के अनुसार सिंपी कुमारी करम डॉल विसर्जन के लिए नानी झरिया तालाब में गई थी।इसी बीच पैर फिसलने के दौरान अचानक वह तालाब में गिर गई और उसकी मौत हो गई।इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा इस घटना की जानकारी पाटन थाना की पुलिस को दिए गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सिंपी कुमारी के शव को तालाब से बाहर निकलवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।वही इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हजारीबाग : करमा विसर्जन के दौरान एक युवक की मौत
हजारीबाग जिला के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कारू भुइयां बाबा बगीचा स्थित बांध में बुधवार की सुबह कर्मा विसर्जन के दौरान एक युवक के डूबने की घटना सामने आई है।हादसे के बाद परिजनों में मातम पसर गया है। बताया जा रहा है कि करमा पूजा के विसर्जन के लिए लोग बांध पहुंचे थे। इसी दौरान रेवाली बांध में एक युवक शिकन्दर भुइयां गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।स्थानीय लोग अपने स्तर से बांध में डूबे युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। घटना की सूचना कटकमदाग थाना पुलिस को भी दे दी गई है।पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों की भीड़ बांध के आसपास जमा हैं।




