हैदरनगर : सर्पदंश से सेवानिवृत्त शिक्षक का रांची में निधन, गांव में शोक
Palamu : कोसियारा गांव निवासी 73 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक इंद्रदेव राम का रविवार को रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया। एक सप्ताह पूर्व उन्हें विषैले सांप ने डस लिया था।परिजनों के अनुसार घटना के बाद उन्हें तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया था।

स्थिति सामान्य होने पर वे घर लौट आए थे, लेकिन अगले दिन हाथ-पैर में सूजन आने पर तुम्बागड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर रांची रेफर किया गया, जहां वे एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रहे।
रविवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शिक्षकों और शुभचिंतकों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। रविवार देर शाम ज्येष्ठ पुत्र रविन्द्र राम ने मुखाग्नि दी।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र रविन्द्र रेलवे में क्लर्क, मंझला उपेंद्र शिक्षक और छोटा पुत्र सिविल इंजीनियर है।




