हुसैनाबाद में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : अवैध रूप से संचालित ‘प्रिया नर्सिंग होम’ हुआ सील
Palamu : पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत दंगवार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लिनिकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिना किसी वैध निबंधन के संचालित हो रहे प्रिया नर्सिंग होम को ‘क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट’ (Clinical Establishment Act) के तहत तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।

जांच में खुली पोल, नहीं मिले वैध कागजात
प्रशासन को लंबे समय से दंगवार क्षेत्र में बिना मानकों के क्लिनिक संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालक नर्सिंग होम के निबंधन, मानकों और आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहा।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण तथा चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनेश कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखण्ड लेखा प्रबंधक एवं कार्यालय लिपिक मुख्य रूप से उपस्थित थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध अस्पताल या नर्सिंग होम को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
अवैध स्वास्थ्य केंद्रों को चेतावनी
इस प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में बिना निबंधन के संचालित हो रहे अवैध क्लिनिक संचालकों और झोलाछाप डॉक्टरों के बीच हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी इलाज के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत अस्पतालों का ही चयन करें।




