पलामू : सिलेंडर लदा ट्रक पलटा,बाल-बाल बच्चा ट्रक ड्राइवर
Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेगौना धाम के समीप शनिवार रात गैस सिलेंडर से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक डालटनगंज-औरंगाबाद मुख्य मार्ग से गैस सिलेंडर लेकर गुजर रहा था। शनिवार रात करीब 8:30 बजे चेगौना धाम के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में बड़ी संख्या में एलपीजी गैस सिलेंडर लदे होने के कारण स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल उत्पन्न हो गया।घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को वाहन से दूर रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। गैस सिलेंडरों से लदे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती।पुलिस की निगरानी में ट्रक को हटाने तथा सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार के गैस रिसाव या विस्फोट की आशंका नहीं पाई गई है।छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




