
उपायुक्त ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
Latehar : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में विद्युत परियोजना से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में मुख्य मंत्री उज्जवल झारखण्ड योजना (MUJY) एवं पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत चल रहे कार्यों की बिन्दुआर समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विद्युत कार्यपालक अभियंता को निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी बिजली पोल, तार, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत संरचनाओं की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करें, ताकि वर्षा के दौरान आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि जर्जर बिजली पोल एवं क्षतिग्रस्त तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने की कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति में बाधा उत्पन्न करने वाले संभावित जोखिमों को चिन्हित कर समय रहते उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता, अन्य संबंधित उपस्थित थे।




