जिलाध्यक्ष अमित पांडेय बोले—ठोस पहल नहीं हुई तो फिर शुरू होगा आंदोलन

अंडरपास को जल्द चालू कराने का दिया भरोसा, आरओबी पर हुई चर्चा

Latehar : चंदवा-टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर आजसू पार्टी की ओर से बुधवार को टोरी जंक्शन परिसर में आयोजित रेल रोको आंदोलन रेलवे अधिकारियों के साथ वार्ता और लिखित समझौते के बाद समाप्त हो गया। वार्ता के दौरान रेलवे के एडीआरएम इंफ्रा संतोष कुमार ने रेलवे अंडरपास को जल्द चालू कराने तथा टोरी जंक्शन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को दो माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया। हालांकि, क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित टोरी आरओबी के निर्माण को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। इससे लोगों की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान को लेकर संशय बरकरार है।

आंदोलन का नेतृत्व आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने किया। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरओबी निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों से जल्द ठोस पहल करने की मांग की।

हरैया मोड़ से टोरी जंक्शन तक निकाली रैली, की नारेबाजी

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह आंदोलनकारी टोरी रेलवे फाटक के समीप एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए टोरी जंक्शन परिसर पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे आंदोलनकारियों ने जंक्शन परिसर में प्रवेश कर रेल परिचालन रोकने का प्रयास किया। हालांकि, रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे रेल परिचालन बाधित नहीं कर सके। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जंक्शन के प्रवेश द्वार के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

आंदोलन के बीच रेलवे के एडीआरएम इंफ्रा संतोष कुमार ने आजसू प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और टोरी आरओबी निर्माण में हो रही देरी पर चर्चा हुई। वार्ता में सहायक मंडल आयुक्त संजय कुमार द्विवेदी, लातेहार एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह और स्टेशन अधीक्षक रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अंडरपास और फुट ओवरब्रिज पर मिला आश्वासन, आरओबी पर स्थिति स्पष्ट नहीं

वार्ता के बाद आजसू प्रतिनिधिमंडल को रेलवे की ओर से लिखित आश्वासन मिला। जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि टोरी आरओबी निर्माण की समस्या को अधिकारियों के समक्ष रखा गया। रेलवे ने अधूरे अंडरपास को जल्द चालू कराने और निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज को दो माह के भीतर पूरा करने का भरोसा दिया है।

हालांकि, टोरी आरओबी के निर्माण को लेकर न तो कोई स्पष्ट समयसीमा तय हुई और न ही कोई ठोस निर्णय सामने आया। रेलवे ने आरओबी निर्माण में हो रही देरी के लिए अपनी भूमिका से इनकार किया। इसके बाद आजसू नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को अन्य संबंधित विभागों के समक्ष भी उठाया जाएगा, ताकि निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर स्थायी समाधान निकाला जा सके।

जाम से परेशान हैं लोग, केंद्र और राज्य सरकार से जवाबदेही की मांग

आंदोलन के दौरान आजसू जिला प्रवक्ता संजीव कुमार और विवेक दुबे उर्फ राजा दुबे ने टोरी आरओबी निर्माण में देरी को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार, रेलवे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जबकि आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

नेताओं ने कहा कि टोरी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान घंटों जाम लगा रहता है। इससे जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को परेशानी होती है। आपातकालीन परिस्थितियों में भी जाम गंभीर समस्या बन जाता है। इसके बावजूद आरओबी निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन से लोगों की समस्या का समाधान नहीं होगा। टोरी आरओबी का निर्माण क्षेत्र की बड़ी जरूरत है। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर ठोस कदम उठाने चाहिए। आजसू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो पार्टी दोबारा आंदोलन करेगी।

फिलहाल, अंडरपास और फुट ओवरब्रिज को लेकर मिले आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया है, लेकिन टोरी आरओबी निर्माण को लेकर लोगों की निगाहें संबंधित विभागों के अगले कदम पर टिकी हैं।

आंदोलन के दौरान जिला सचिव बीरेंद्र ठाकुर,केंद्रीय सदस्य राकेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र दास,युवा जिला प्रभारी मुकेश यादव समेत आजसू पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!