
पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर सड़क हादसा, 3 गंभीर रूप से घायल
Palamu : पांकी–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर पिपरा कोनवाई के समीप स्कॉर्पियो और बाइक के बीच रविवार की शाम सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से एक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया। वहीं स्कॉर्पियो चालक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घायलों की पहचान भरत कुमार (पिता शंभू साव) ग्राम नूरू एवं व्यास यादव (पिता अर्जुन यादव) ग्राम सराइडीह के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी विद्यासागर पांडे, मिथलेश यादव, विधायक के मीडिया प्रभारी कार्तिक सिंह सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। भाजपा नेत्री लवली गुप्ता ने बताया कि मेदिनीनगर में इलाज की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि घायलों को बेहतर उपचार मिल सके।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





