लातेहार प्रखंड कार्यालय सभागार में तीन दिवसीय ‘सशक्त पंचायत नेत्री अभियान’ प्रशिक्षण का समापन
लातेहार: प्रखंड कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ‘सशक्त पंचायत नेत्री अभियान’ के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर महिला जनप्रतिनिधियों को सशक्त बनाना और उन्हें उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।जालिम पंचायत की मुखिया सह प्रखंड मास्टर ट्रेनर अनीता देवी ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि पंचायत स्तर तक महिलाओं को आगे लाना और उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं जनप्रतिनिधि तो बन जाती हैं, लेकिन उन्हें अपने अधिकारों, योजनाओं और समस्याओं की पूरी जानकारी नहीं हो पाती। सरकार की सोच है कि सभी महिला जनप्रतिनिधि प्रखरता के साथ आगे आएं और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।प्रशिक्षण में कुल 54 वार्ड पार्षदों ने भाग लिया। इसके अलावा कुल 6 पंचायत समिति सदस्यों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पंचायत की कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाओं की जानकारी और नेतृत्व कौशल से संबंधित विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।इस अवसर पर उप मुखिया समेत वार्ड पार्षद रीना देवी, शिल्पी देवी, पंचायत समिति सदस्य रीता देवी एवं प्रखंड समन्वयक सुमन कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।





