पलामू में होली की धूम, हर्ष और उल्लास में डूबे लोग

Palamu : देशभर में आज रंगों के पर्व होली की धूम मची हुई है।पलामू में भी होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हांलाकि कुछ क्षेत्रों में बुधवार यानी कल 4 मार्च को होली मनाई जाएगी। इस बीच होली के त्यौहार को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। बीती रात होलिका दहन होने के बाद सुबह से ही लोग रंगों के पर्व होली को धूमधाम से मना रहे हैं। सुबह से ही एक दूसरे को रंग लगाकर इस पर्व को मनाया गया तो वहीं अपने से बड़े बुजुर्गों को रंग लगाकर उनका आशीर्वाद भी लिया जा रहा है। होली की मस्ती में लोग झूमते दिख रहे हैं। होली की मस्ती का आलम यह है कि हर जगह लोग एक दूसरे को रंग लगा कर होली की शुभकामनाए दे रहे हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी एक दूसरे को रंग और रंगों से भरे पानी में डालकर होली खेल रहे हैं। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने नाच-गाने का आयोजन कर होली का त्योहार मनाया और अपनों के साथ बिताए पलों को कैमरों में कैद किया।




