
रेहड़ा में भव्य होली मिलन समारोह संपन्न, सामाजिक एकता और सौहार्द का दिया संदेश
लातेहार: जिले के ग्राम रेहड़ा में भव्य होली मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव साजन कुमार एवं युवा कांग्रेस लातेहार जिला अध्यक्ष अमित यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर अपने संबोधन में साजन कुमार ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, भाईचारा और सद्भाव का संदेश देने वाला महान उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन गांव-समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को आपसी प्रेम और सहयोग की भावना से प्रेरित करते हैं।
अमित यादव ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समरसता और एकता को सुदृढ़ करना हम सभी की जिम्मेदारी है। होली का पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक गीत-संगीत, हंसी-खुशी और उत्सव का माहौल बना रहा। अधिवक्ता राजा कुमार ने मंच संचालन किया तथा जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया।इस अवसर पर पत्रकार बंधुओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है, जो समाज की आवाज को निष्पक्ष रूप से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती है। पत्रकारों का सम्मान करना समाज के प्रति सम्मान प्रकट करने के समान है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में विक्रांत सिंह,पंचम कुमार एवं रोहित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में सुरेंद्र उरांव, संतोष रजक, ज्ञान सागर, प्राचार्य विनोद यादव, बिजेंदर उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं युवा साथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।






