ईरानी हमलों में 650 अमेरिकी सैनिक हताहत, आईआरजीसी का दावा
Tehran : ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसके ‘ट्रू प्रॉमिस 4’ अभियान के पहले दो दिनों में 650 से अधिक अमेरिकी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अली मोहम्मद नइनी ने कहा कि ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों में खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और नौसैनिक संपत्तियों को निशाना बनाया गया।नइनी के अनुसार, बहरीन में अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय पर कई बार हमले किए गए। उन्होंने दावा किया कि एक हमले में 160 अमेरिकी सैनिक हताहत हुए। साथ ही अमेरिकी नौसेना के एक कॉम्बैट सपोर्ट जहाज को भी भारी नुकसान पहुंचा।

आईआरजीसी ने यह भी कहा कि ईरानी नौसेना ने चाबहार तट से 250 से 300 किलोमीटर दूर तैनात यूएसएस अब्राहम लिंकन पर चार क्रूज मिसाइल दागीं, जिसके बाद विमानवाहक पोत को पीछे हटना पड़ा। अमेरिकी पक्ष की ओर से इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इधर ईरान ने युद्ध जैसे हालात के बीच बड़ा फैसला लेते हुए सभी खाद्य और कृषि उत्पादों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जानकारी के मुताबिक सरकार ने यह कदम देश में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाया है। रिपोर्ट के अनुसार, अगले आदेश तक सभी खाद्य और कृषि उत्पादों का निर्यात प्रतिबंधित रहेगा। सरकार ने कहा है कि मौजूदा स्थिति में आम जनता के लिए आवश्यक सामान की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है।




