पलामू-गढ़वा के लोगों को सांसद वीडी राम ने दी बड़ी सौगात, अयोध्या धाम व लखनऊ के लिए नई ट्रेन का शुभारंभ 14 मार्च को होगा

पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता के लिए बहुप्रतीक्षित अयोध्या धाम एवं लखनऊ के लिए सीधी नई ट्रेन आनंद विहार पुरुलिया एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14021/14022 का शुभारंभ दिनांक 14 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इस अवसर पर डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम रात्रि 10 बजे शामिल होंगे और उक्त ट्रेन का स्वागत एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस अवसर पर समस्त पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता से एवं कार्यकर्ताओं से सांसद वीडी राम ने अनुरोध किया है कि भारी संख्या में उपस्थित होकर उक्त कार्यक्रम को सफल बनाएं।
सांसद श्री राम ने बताया कि पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत क्रमशः दोनों जिलें पलामू एवं गढ़वा की जनता को पुरूलिया से राॅची, डालटनगंज, गढ़वा रोड, वाराणसी वाया अयोध्या धाम, लखनऊ होते हुए आन्नद विहार (दिल्ली) तक नई ट्रेन के परिचालन को स्वीकृति प्रदान की गयी है। यह नई ट्रेन पलामू एवं गढ़वा जिलों के लाखों नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। विशेष रूप से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में दर्शन के लिए अब सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGI) में जाने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को अब लंबी दूरी की जटिल यात्रा और ट्रेन बदलने की असुविधा से मुक्ति मिलेगी और आन्नद विहार (दिल्ली) के लिए भी सुविधा होगी।
इसके लिए सांसद ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है। इस आशय।की जानकारी सांसद वीडी राम के निजी सचिव अलख दुबे ने दी।




