शिक्षा से ही समाज में बदलाव संभव : त्रिपाठी
- उंटारी के करकटा में वीएनपी स्कूल का हुआ शुभारंभ
Palamu : जिले के उंटारी रोड प्रखंड के करकटा बाजार परिसर में बुधवार को वीएनपी स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी,बसपा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह,वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र शर्मा,थाना प्रभारी संतोष गिरी वी बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश दुबे व संचालन अरुण पांडेय ने किया.

इस अवसर पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि सुदूर इलाके में स्कूल की स्थापना सराहनीय पहल है.उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यहां बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी.जिससे उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने साक्षरता,शिक्षा व अनुभव के बीच के अंतर को भी विस्तार से समझाया और कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव केवल शिक्षा के माध्यम से ही संभव है. समाज व राष्ट्र के निर्माण में शिक्षा की अहम भूमिका होती है.उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से कहा कि बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखा जाय बल्कि उन्हें जीवन के लिए तैयार करना श्रेयकर होगा.
बसपा नेता अभिमन्यु सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय की पहल की सराहना की.उन्होंने प्रबंधन से अच्छी व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की भी वकालत की.कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर इस विद्यालय की शुरुआत की गई है,भविष्य में उसकी पूर्ति होना चाहिए.
थाना प्रभारी संतोष गिरी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्ति का साधन नहीं है बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी है.उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करें तभी भविष्य में एक बेहतर समाज व विकसित राष्ट्र की परिकल्पना पूर्ण होगी.
बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल बताया.उन्होंने कहा कि यह स्कूल खुलने से अब यहां के बच्चों को संस्कारयुक्त व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा गांव में ही उपलब्ध हो सकेगा.कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र बना रहा.
कार्यक्रम में रंजित किशोर, गायिका पिंकी सिन्हा,सोनी प्रिया सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.मौके पर झारखंड पत्रकार संगठन युवा जिला अध्यक्ष अमितेश रंजन उपाध्याय, उदय मेहता,राहुल दुबे,अभिषेक सिंह,शैली कुमारी, ऋचा कुमारी,डॉ. धनंजय यादव,हीरा साव, समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.,




