
रामनवमी पर लातेहार में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, शांति और सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से रहेगा निषेध
लातेहार:रामनवमी पर्व के मद्देनजर लातेहार जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचने के लिए शहरी क्षेत्र में वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था पर्व के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
डाल्टेनगंज से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
डाल्टेनगंज की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को होटवाग चौक पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, छोटी वाहन माको मोड़ से होते हुए परिवहन कार्यालय, डीपीएस जूनियर स्कूल, चटनाही चौक, बाईपास, बस स्टैंड, डॉ. धर्मशीला चौधरी की गली, उपायुक्त कार्यालय के पीछे से समाहरणालय गेट होते हुए पानी टंकी के पास बैरिकेडिंग पार करेंगे और फिर होटल यम्मी होते हुए चंदवा की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
रांची की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मार्ग
रांची से आने वाली बड़ी गाड़ियाँ होटल यम्मी के पास रोक दी जाएंगी। वहां से छोटी वाहन उपरोक्त मार्ग से वापस होटवाग चौक की ओर निकल सकेंगी।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता के लिए वे तुरंत 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981, कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 08987796308, साइबर सेल मोबाइल नंबर 6206159795 या आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर संपर्क करें।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे रामनवमी पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात मार्गों का पालन करें और किसी भी अफवाह या अफरातफरी से बचें। शांति, सद्भाव और अनुशासन के साथ पर्व मनाने में सहयोग करें।





