श्री बंशीधर नगर : उमेश मेहता पर हुए गोलीचालन की घटना में प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार
Gadhwa : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में हुई दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने बोकारो निवासी संदीप कुमार सिंह और उसकी प्रेमिका रजनी मेहता को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना में नरखोरिया गांव निवासी स्व. जय गोविंद महतो के 50 वर्षीय पुत्र उमेश मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया गया कि वे अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक युवक ग्राहक बनकर आया और सिगरेट-गुटखा मांगने लगा। इसी दौरान उसने अचानक हथियार निकालकर उमेश मेहता पर गोली चला दी।
गोली उनके बाएं कंधे में लगी और आर-पार हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई। बेहतर इलाज के लिए उन्हें बाद में गढ़वा रेफर किया गया।घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी को गढ़वा-शाहपुर रोड स्थित बोगंशी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस गोलीकांड की जड़ में प्रेम प्रसंग था। रजनी मेहता और संदीप कुमार सिंह की दोस्ती वर्ष 2021 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।इसी बीच रजनी के परिवार ने उसकी शादी उमेश मेहता के बड़े बेटे अभय मेहता से तय कर दी। रजनी इस शादी से खुश नहीं थी और इसे रोकना चाहती थी। इसी योजना के तहत उसने अपने प्रेमी संदीप को बोकारो से बुलाया।संदीप 27 मार्च को मोटरसाइकिल से गढ़वा पहुंचा और एक होटल में ठहरा। 28 मार्च की सुबह वह रजनी द्वारा बताए गए लोकेशन पर उमेश मेहता के घर पहुंचा। उसका असली निशाना अभय मेहता था, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।अभय के नहीं मिलने पर संदीप ने मौके पर मौजूद उसके पिता उमेश मेहता को गोली मार दी और फरार होने की कोशिश करने लगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि पूरे मामले का खुलासा भी कर दिया।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



