पलामू के लोगों को अब आसान हुआ दिल्ली, लखनऊ व अयोध्या जाना, 2 अप्रैल से शुरू होगी साप्ताहिक ट्रेन सेवा
Palamu : उद्घाटन के बाद ठप पड़ी पुरुलिया-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस को लेकर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब इस ट्रेन का नियमित परिचालन तय कर दिया गया है और रेलवे ने इसकी समय सारणी भी जारी कर दी है। लंबे इंतजार के बाद क्षेत्रवासियों को दिल्ली, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी के लिए सीधी रेल सुविधा मिलने जा रही है।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 14022/14021 पुरुलिया–आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन नियमित रूप से किया जाएगा। यह ट्रेन 2 अप्रैल से आनंद विहार टर्मिनल से प्रत्येक गुरुवार को चलेगी, जबकि पुरुलिया से 3 अप्रैल से प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह एक रेगुलर ट्रेन होगी, जिससे यात्रियों को स्थायी सुविधा मिलेगी।
यह ट्रेन आनंद विहार और पुरुलिया के बीच लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गढ़वा रोड, डालटनगंज और रांची के रास्ते संचालित होगी। इस रूट पर चलने से पलामू सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
गौरतलब है कि ट्रेन के उद्घाटन के बाद परिचालन रुक जाने से यात्रियों में निराशा थी और लोग लगातार रेलवे ऐप पर स्थिति देख रहे थे। अब नियमित संचालन की घोषणा से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से धार्मिक स्थलों की यात्रा आसान होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों व मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल यात्री 2 अप्रैल से शुरू होने वाली इस सेवा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।




