
गढ़वा में तड़प-तड़प कर 2 की मौत, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचलकर ले ली जान
Gadhwa : गढ़वा जिले के महुलिया पंचायत में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दो युवकों की जीवनलीला समाप्त कर दी। इस हृदय विदारक हादसे ने न केवल दो घरों के चिराग बुझा दिए, बल्कि पूरे क्षेत्र में प्रशासन के खिलाफ जनाक्रोश भड़का दिया है।
जानकारी के अनुसार, महुलिया निवासी राहुल चौधरी (26 वर्ष) और नंदलाल राम बुधवार की रात महुलिया स्कूल के पास अपनी मोपेड के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। दोनों युवक अंबेडकर जयंती के जुलूस से लौटकर घर जा रहे थे। इसी बीच, बालू अनलोड कर गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर (संख्या JH 14 K 5795) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल चौधरी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल नंदलाल राम ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को पुलिस के हवाले करने से इनकार कर दिया और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक राहुल और नंदलाल दोनों ही शादीशुदा थे और अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महुलिया पंचायत के मुखिया पति विरेंद्र राम ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




