
पीटीआर प्रभार मामले में कथित अनियमितता को लेकर झाविस नेता रवि डे ने लोकायुक्त से की शिकायत
Latehar : झारखंड विकास समिति (झाविस) के नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) क्षेत्र में प्रभार से जुड़े एक कथित अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के मामले को लेकर लोकायुक्त को आवेदन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई है।अपने आवेदन में रवि कुमार डे ने आरोप लगाया है कि रिटायर रेंजर तरुण सिंह को नियमों के विरुद्ध पीटीआर क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जिससे क्षेत्र में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।रवि कुमार डे ने कहा कि पीटीआर जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है, लेकिन वर्तमान स्थिति में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी के कार्यकाल के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं, जिनकी जांच आवश्यक है।उन्होंने लोकायुक्त से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में सुशासन एवं पारदर्शिता कायम हो सके।श्री डे ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनहित में आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होंगे।





