पलामू एसपी कपिल चौधरी का Vehicle Strike, वाहन के शीशों में लगे Black Film पर पुलिसिया कार्रवाई जारी
Palamu : पलामू में 4 चक्का वाले वाहन के शीशे पर लगे ब्लैक फिल्म उतारने का काम लगातार जारी है। पलामू पुलिस इस काम में जी-जान से जुट गई है। यह सिलसिला तब शुरू हुआ, जब पलामू में कड़क छाप एसपी के रूप में कपिल चौधरी की पोस्टिंग हुई। अपने पोस्टिंग के तुरंत बाद उन्होंने जिले में ब्लैक फिल्म के खिलाफ एक तरफ से सघन अभियान छेड़ रखा है। इस काम में पूरे जिले की पुलिस का तंत्र लगा हुआ है। इस अभियान को व्हीकल स्ट्राइक माना जा रहा है।

इसी क्रम में मेदिनीनगर शहर में गुरुवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। छहमुहान, कचहरी चौक, लालकोठा और साहित्य समाज चौक पर की गई कार्रवाई में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहनों पर कार्रवाई की गयी। कई वाहनों की ब्लैक फिल्म हटाई गई। इसके अलावा नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े 8 चार पहिया वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा गया। 02 अन्य चारपहिया वाहनों को जब्त कर शहर थाना लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला परिवहन कार्यालय भेजा गया।
16 बाइक चालकों को भी नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इनमें बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, ट्रिपल लोडिंग और मॉडिफाइड बाइक चलाने वाले शामिल थे। इन सभी बाइकों को जब्त कर शहर थाना में रखा गया। इसकी सूची फाइन के लिए जिला परिवहन कार्यालय भेजी गयी।
इधर पलामू एसपी के निर्देश पर विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे के नेतृत्व में भी सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान उन्होंने चार पहिया वाहन में लगे ब्लैक फिल्म को उतारने का काम किया।

थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने दो पहिया वाहन की भी गहनता पूर्वक जांच किया। जांच के क्रम में जो व्यक्ति हेलमेट पहन कर वाहन नहीं चला रहे थे या फिर ट्रिपल लोड वाहन से सवारी कर रहे थे। उनके वाहन को भी जप्त किया गया।
मौके पर उपस्थित थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे ने कहा कि पलामू एसपी का सख्त निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति अपने चार पहिया वाहन में ब्लैक फिल्म ना लगाए। यदि ब्लैक फिल्म लगाकर वाहन चलाते पकड़े जाते हैं तो उन व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि लोग कानून का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।




