
डाल्टनगंज में आंधी-बारिश ने फुटपाथ दुकानदारों को किया बेघर, कई पेड़ और होर्डिंग हुए धराशाई
Palamu : शहर में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।लेकिन सबसे ज्यादा असर फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों पर पड़ा। तेज हवा और बारिश से उनकी अस्थायी दुकानें उखड़ गईं, तिरपाल उड़ गए और सामान भीगकर खराब हो गया।जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

शहर के छह मुहान चौक समेत कई इलाकों में फुटपाथी दुकानदार अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए जूझते नजर आए। अचानक बदले मौसम ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया।वहीं, इस आंधी-बारिश से आम और सब्जी की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और सड़कों किनारे लगे सरकारी प्रचार-प्रसार के होर्डिंग भी धराशायी हो गए।इधर,राज्य के कई इलाके में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवा व मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और बांग्लादेश में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मध्यप्रदेश से लेकर झारखंड तक मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
इस बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है। राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।




