दो चरणों में चलेगा जनगणना का कार्य : डीसी लोकेश मिश्रा

Godda : समाहरणालय के सभागार में डीसी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में भारत की जनगणना – 2027 के सफल संचालन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ने जनगणना की रूपरेखा, समय-सारणी तथा जिले में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बताया कि भारत की जनगणना – 2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना किया जाएगा, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। यह पहल नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की शुरुआत 01 मई 2026 से होगी, जो 14 जून 2026 तक संचालित रहेगा। इस दौरान 01 मई से 15 मई 2026 तक आम नागरिकों के लिए स्व-गणना हेतु आधिकारिक पोर्टल सक्रिय रहेगा, जहां नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। जिले में इस कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु कुल 2604 प्रगणकों एवं उनके पर्यवेक्षण के लिए 446 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस प्रकार कुल 3050 सरकारी कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सभी कर्मियों को प्रशिक्षित करने के लिए जिले में 11 चार्ज (9 ग्रामीण एवं 2 शहरी) निर्धारित किए गए हैं, जहां 44 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 27 अप्रैल 2026 से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसे 11 मई 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एक समग्र कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत विभिन्न लक्षित समूहों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना के विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सटीक आंकड़ों के आधार पर योजनाओं का निर्माण किया जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। प्रगणकों द्वारा परिवार के मुखिया या अन्य सदस्य से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके उत्तर HLO App के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। इससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक तेज, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनेगी। कार्यक्रम के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राजेश पाठक द्वारा जनगणना – 2027 से संबंधित तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी तथा मीडिया के प्रश्नों का उत्तर दिया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!