
सांसद वीडी राम ने पलामू जिले में रेल वैगन उत्पादन की मांग भारत सरकार से रखी
Palamu : पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री, भारत सरकार अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे कनेक्टिविटी एवं विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण मांगों को रखा। आवागमन की सुविधा, रोजगार सृजन और बेहतर कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया। श्री राम ने पलामू जिले में ‘वैगन उत्पादन एवं रख-रखाव सुविधा’ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा और अनुरोध किया कि गढ़वा रोड़ या जपला में यह सुविधा स्थापित की जाय, जहां पर्याप्त रेलवे भूमि उपलब्ध है। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र का औद्योगिक विकास होगा। रेल मंत्री जी ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए पलामू जिले में वैगन उत्पादन एवं रखरखाव सुविधा की व्यवहार्यता अध्ययन कराने का आश्वासन दिया।सांसद ने पलामू संसदीय क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए निम्नलिखित नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया:

- चोपन-देवघर एक्सप्रेस वाया डालटनगंज-धनबाद। यह सेवा बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के श्रद्धालु यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
- दक्षिण भारत से बेहतर संपर्क के लिए चोपन से एर्नाकुलम तक नई रेल सेवा, जिसका रूट इस प्रकार प्रस्तावित है: चोपन-गढ़वा-डालटनगंज-बरकाकाना-मेसरा-रांची-राउरकेला-पेरंबुर (चेन्नई)-कोयंबटूर-एर्नाकुलम।
- पश्चिमी भारत से सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए रांची-अहमदाबाद एक्सप्रेस वायालोहरदगा-डालटनगंज-जपला।• इसके अतिरिक्त नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग की। वर्तमान में सप्ताह में एक दिन चलने वाली इस ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन चलाए जाने का अनुरोध किया गया, जिसमें डालटनगंज, गढ़वा रोड, नगर उटारी, रेणुकूट, चोपन-चुनार मार्ग से।
- हैदरनगर ब्लॉक के सरगड़ा टोला गांव में नावाडीह रेलवे फाटक नंबर-48 के पास पिलर नंबर 360/20 के समीप एलसी/आरयूबी के निर्माण की भी मांग रखी। रेल मंत्री जी ने इस कार्य को निर्माण सूची में शामिल करने का आश्वासन दिया।सांसद श्री राम ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं रेल मंत्री आदरणीय अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। वैगन फैक्ट्री से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, जबकि नई ट्रेनों से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उपरोक्त मांगों को सकारात्मक रूप से लिया और आवश्यक अध्ययन एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस आशय की जानकारी सांसद के निजी सचिव अलख दूबे ने दी।



