
पड़वा : सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
Palamu : पलामू जिला अंतर्गत पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव फोरलेन सड़क पर शनिवार की दोपहर बोलेरो और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के करू अशना गांव निवासी मदन ठाकुर के 40 वर्षीय पुत्र विजय ठाकुर के रूप में की गई है। जबकि घायल व्यक्ति मुनेश ठाकुर भी उसी गांव का बताया जा रहा है।
घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि दोनों व्यक्ति एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव फोरलेन सड़क पर अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक से गिरकर दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद राहगीरों के द्वारा इस घटना की जानकारी पड़वा थाना की पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पड़वा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।जहां चिकित्सको ने विजय ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
मुनेश ठाकुर इस हादसे में गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज अस्पताल में ही चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान महेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।वही इस घटना के बाद पड़वा थाना की पुलिस दोनों वाहनों को जप्त कर थाना ले गई है और आगे के कानूनी प्रक्रिया में जुड़ गई है।वही घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे जहां पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




