
पांकी : 11 हजार हाई वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से 4 बाराती झुलसे, सभी की हालत गंभीर
Palamu : पलामू जिला स्थित पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव पुलिया के समीप शुक्रवार रात को एक बड़ा हादसा हो गया। बारात लेकर जा रही बस के ऊपर बैठे चार लोग 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बलगड़ा गांव निवासी विनोद यादव उम्र 45 वर्ष,पुत्र प्रमोद कुमार उम्र 17 वर्ष, छतरपुर थाना क्षेत्र के हेसला गांव निवासी रंजन कुमार,छोटू कुमार के रूप में की गई है।

घटना के बारे में घायल के परिजनों ने बताया कि चारों व्यक्ति छतरपुर थाना क्षेत्र के हेसला गांव निवासी प्रवेश यादव के लड़की के तिलक समारोह में बस के छत पर सवार होकर पांकी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव जा रहे थे।इसी बीच रास्ते में पांकी गढ़गांव पुलिया के समीप बस पर बैठे चारों व्यक्ति 11 हजार बिजली करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के द्वारा इस घटना की जानकारी पांकी थाना की पुलिस को गई गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घायल सभी व्यक्ति को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के बाद भी चारों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस घटना के बाद पुलिस बस को जप्त कर थाना ले गई हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई हैं।




