
गढवा : भागने की फिराक में वारंटी ने पुलिस वैन पलटा, पुलिस पदाधिकारी व जवान घायल
Gadhwa : गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र के अमरोरा स्थित गैस गोदाम के पास मंगलवार की रात में पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश में एक वारंटी ने पुलिस वैन ही पलट दी। इस घटना में वैन में सवार हवलदार राम प्रसाद महतो और चालक रिंकू जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई समेत तीन अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई है।

बताया जाता है कि श्री वंशीधर नगर के डीएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगवां पंचायत से वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार कर थाना लौट रही थी. जैसे ही पुलिस वैन अमरोरा मोड़ के पास पहुंची, पीछे बैठे मनोज पासवान ने अचानक चालक के हाथ से स्टेयरिंग छीनकर उसे जोर से मोड़ दिया. आरोपी की मंशा गाड़ी को दुर्घटनाग्रस्त कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की थी।स्टेयरिंग मुड़ते ही तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और एक पेड़ से टकराकर पलट गई .हादसे के बाद घायल वारंटी मनोज पासवान ने मौके से भागने की कोशिश की. लेकिन वैन में सवार घायल एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप और आरक्षियों ने साहस का परिचय देते हुए उसे मौके पर ही दोबारा धर दबोचा।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को कब्जे में लेकर थाना भेजा. दुर्घटना के बाद स्थानीय टेम्पो चालक कामेश्वर यादव व एक अन्य व्यक्ति ने वैन में फंसे हवलदार राम प्रसाद महतो, चालक रिंकू जोशी, आरक्षी दिनेश ठाकुर और गौतम राजा को बाहर निकाला. हवलदार के सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें और चालक रिंकू जोशी को बेहतर इलाज के लिए श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी) अस्पताल रेफर कर दिया गया है।




