अमेरिका की कागज मिल में केमिकल टैंक फटा, कई लोगों की मौत

Washingaton : अमेरिका की एक कागज (पेपर) और पल्प मिल में केमिकल टैंक फटने से कई लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। मिल परिसर में लगभग 10 लोग गंभीर स्थित में मिले हैं। यह लोग केमिकल की चपेट में आने से झुलस गए। मिल प्रबंधन ने कहा है कि कई कर्मचारी लापता हैं। सरकारी अधिकारियों और प्रबंधन ने इस बात की पुष्टि की कि मंगलवार सुबह हुए इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह मिल (निप्पॉन डायनाववे पैकेजिंग कंपनी) अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में नहीं, बल्कि देश के पश्चिमोत्तर प्रांत वाशिंगटन के लॉन्गव्यू में स्थित है। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस घटना से आसपास के नागरिकों को तत्काल कोई खतरा नहीं है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 7ः15 बजे मिली। बताया गया कि मिल में ‘व्हाइट लिकर’ से भरा एक टैंक फट गया है।

लॉन्गव्यू फायर बटालियन चीफ माइक गोरसच ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, अब हालात स्थिर हैं। अभी बचाव कार्य चल रहा है। गोरसच के साथ मौजूद काउलिट्ज 2 फायर एंड रेस्क्यू के चीफ स्कॉट गोल्डस्टीन ने बताया कि मृतकों की संख्या का अंदाजा लगा पाना अभी मुश्किल है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में यह बताने से मना कर दिया कि कितने लोग लापता हैं। गोरसच के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य के दौरान फिसलने से एक दमकलकर्मी घायल हो गया।

ओरेगन में पोर्टलैंड फायर एंड रेस्क्यू के प्रवक्ता रिक ग्रेव्स ने बताया कि जिन लोगों की हालत गंभीर है, उनका इलाज आसपास के चिकित्सा केंद्रों में किया जा रहा है। कुछ लोगों को बर्न सेंटर में भी दाखिल कराया गया है। निप्पॉन डायनाववे पैकेजिंग कंपनी की यह इकाई कोलंबिया नदी के किनारे स्थित है। यहां कंपनी की पल्प और पेपर मिल के साथ-साथ लिक्विड पैकेजिंग प्लांट भी है। यहां टिशू पेपर, प्रिंटिंग पेपर, कप, प्लेट, कार्टन और अन्य सामान बनाने के लिए कच्चा माल तैयार किया जाता है। प्रांत के पर्यावरण विभाग के अनुसार, इस मिल में लगभग 1,000 लोग काम करते हैं।

गोल्डस्टीन ने बताया कि जो 80,000 गैलन (303,000 लीटर) क्षमता वाला टैंक फटा है, वह लगभग 60 फीसदा भरा था। यह केमिकल मुख्य रूप से सोडियम हाइड्रॉक्साइड और सोडियम सल्फाइड से मिलकर बनता है। इसका उपयोग लकड़ी को गलाकर क्राफ्ट पेपर बनाने में किया जाता है। गोल्डस्टीन ने कहा कि धमाके की वजह का पता लगाना अभी जल्दबाजी होगी। गोरसच ने बताया कि करीब 40 दमकलकर्मी और पैरामेडिक्स, एक क्षेत्रीय हैजमैट टीम के साथ बचाव कार्य चलाया गया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!