पुत्री की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपित पिता को ग्रामीणों ने पेड़ में बांधा, जांच में जुटी पुलिस

Ranchi : jharkhand के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के खेड़ियाटांगर गांव में शनिवार रात एक पिता ने अपनी पुत्री की डंडे से मारकर हत्या कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार लालसिंह पूर्ति ने अपनी छह वर्षीय पुत्री सोनिया पूर्ति की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुलिस को मामले की सूचना दी।

ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार रात सोनिया पूर्ति घर में सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता लालसिंह पूर्ति ने अचानक डंडा उठाकर उस पर हमला कर दिया।

बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपित ने अपनी पत्नी पर भी हमला किया और आसपास मौजूद लोगों को भी मारने का प्रयास करने लगा। उसकी हरकतों से परिवार और गांव के लोग दहशत में आ गए।

टांगर पोखरिया के मुखिया मंगल सिंह पूर्ति ने बताया कि लालसिंह पूर्ति पिछले तीन-चार दिनों से बीमार था। घटना के समय उसका व्यवहार भी सामान्य नहीं लग रहा था। जब उसने अपनी बेटी पर हमला किया और अन्य लोगों को मारने के लिए दौड़ाने लगा, तब ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में किया और पेड़ से बांध दिया।

घायल सोनिया को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृत बच्ची की मां ने बताया कि लालसिंह पिछले दो-तीन दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर रहा था। उसे बुखार भी था और वह नियमित रूप से दवा नहीं ले रहा था। घटना से पहले वह अपने आप से बातें कर रहा था और उसका व्यवहार असामान्य प्रतीत हो रहा था। खाना खाने के बाद उसने उल्टी भी की थी। इसके कुछ देर बाद उसने अचानक डंडा उठाकर बेटी पर हमला कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाने की कोशिश की।

परिजनों ने बताया कि लालसिंह पूर्ति के पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और चार बेटियां शामिल हैं। सोनिया पूर्ति परिवार की सबसे छोटी संतान थी।

घटना के बाद गांव में आक्रोश और मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!