हिंडालको और डीवीसी की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : पवन कुमार

रिचूघुट्टा में ग्रामीणों की बैठक, 9 जून को विशाल सभा कर उपायुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन

Sanjay prajapati @ united palamu

लातेहार: सदर प्रखंड के पेशरार, देदरिया और भूसूर पंचायत के प्रभावित ग्रामीणों की बैठक रविवार को रिचूघुट्टा गांव में आयोजित की गई। बैठक में हिंडालको की बॉक्साइट साइडिंग एवं डीवीसी द्वारा प्रस्तावित नई कोयला साइडिंग परियोजना के मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक का नेतृत्व लातेहार विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए पवन कुमार ने कहा कि हिंडालको पिछले लगभग 70 वर्षों से इस क्षेत्र में कार्यरत है, लेकिन आज भी तीनों पंचायतों के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि डीवीसी द्वारा प्रस्तावित कोल साइडिंग परियोजना का कार्य शुरू होने वाला है, लेकिन जब तक स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार और क्षेत्र में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, तब तक साइडिंग का कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 9 जून को एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग पांच हजार ग्रामीणों की भागीदारी होगी। सभा के बाद ग्रामीणों द्वारा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा।

पवन कुमार ने कहा कि यदि इसके बावजूद कंपनियां ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती हैं, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चरणबद्ध और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित अन्य ग्रामीणों ने भी कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया और स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देने की मांग की।

बैठक में तीनों पंचायतों के ग्रामीण, रैयत, बेरोजगार युवक एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!