
सदर प्रखंड मे अवैध बालू की ढुलाई धड़ल्ले से जारी, ग्रामीण परेशान : अनुज त्रिपाठी
Palamu : सदर प्रखंड के रजवाडीह पंचायत के मुखिया सह वरीय अधिवक्ता अनुज कुमार त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा है कि सदर थाना अंतर्गत रजवाडीह पंचायत के बड़कागांव से रात के अंधेरे में सैकड़ो ट्रैक्टर अवैध बालू का उत्खनन कर रहे हैं। ट्रैक्टर के परिचालक से ग्रामीण आक्रोशित हैं। एक तरफ बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है तो दूसरी तरफ कामकाजी लोगों का नींद हराम हो गया है।

पंचायत के लोगो को सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।कई बार ट्रैक्टर संचालक और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हो चुकी है।
अवैध बालू बेचने वाले ट्रैक्टर संचालक, पुलिस प्रशासन की सहमति से बालू उत्खनन किए जाने की बात कर रहे हैं। साथ ही थाना का भय दिखा कर ग्रामीणों से लगातार लड़ने भिड़ने को तैयार हो जाते हैं।
उन्होंने कहा है की ऐसी स्थिति में थाना प्रभारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मेदिनीनगर, पुलिस अधीक्षक पलामू और जिला खनन पदाधिकारी पलामू, तत्काल संज्ञान लेकर अवैध बालू उत्खनन और परिचालन पर रोक लगा कर ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाएं। ताकि अनावश्यक तनाव खत्म हो सके।



