
Jharkhand : सूचना आयुक्त के 4 नामों पर लगी मुहर, राज्यपाल से मिली मंजूरी
Ranchi : झारखंड में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल ने राज्य सरकार की ओर से भेजे गए चार सदस्यीय पैनल को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और भाजपा नेता शिवपूजन पाठक के राज्य सूचना आयुक्त बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

राजभवन सचिवालय ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने इन चार नामों की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव राज्यपाल के अनुमोदन के लिए भेजा था। हालांकि प्रारंभिक स्तर पर राजभवन ने कुछ प्रक्रियागत आपत्तियां जताते हुए प्रस्ताव को वापस कर दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने उन्हीं नामों के साथ पुनः प्रस्ताव भेजा और उठाई गई आपत्तियों पर अपना पक्ष स्पष्ट किया।राज्यपाल ने प्रस्ताव को कुछ शर्तों के साथ स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति भी जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग का कार्य प्रभावी और सुचारु रूप से संचालित हो सके।राज्यपाल ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में किसी प्रकार की प्रक्रियागत त्रुटि पाई जाती है अथवा उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो उसकी पूरा जवाबदेही राज्य सरकार की होगी।




