Khunti : घर से उठाकर बाइक मैकेनिक की निर्मम हत्या, पत्थर से कूचकर उतारा मौत के घाट
Ranchi : खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए बाइक मैकेनिक की पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। अपराधियों ने रविवार और सोमवार की रात करीब दो बजे रनिया चौक स्थित किराये के मकान से 45 वर्षीय बाइक मैकेनिक राधेश्याम साहू का अपहरण कर लिया और बाद में पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर शव को ताम्बा जंगल के समीप फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, अपराधी एक बोलेरो वाहन से रनिया पहुंचे थे। वे रनिया चौक स्थित किराये के मकान में रह रहे राधेश्याम साहू को हथियार के बल पर जबरन उठा लिया और बोलेरो में बैठाकर अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, अपहरणकर्ता उसकी स्कूटी भी अपने साथ ले गए। घटना के तत्काल बाद राधेश्याम की दूसरी पत्नी ने रनिया थाना को सूचना दी, लेकिन रात होने के कारण तत्काल खोजबीन नहीं हो सकी।

सोमवार सुबह ताम्बा जंगल के पास से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव राधेश्याम साहू का है। हत्यारों ने उसकी हत्या पत्थर से सिर कूचकर की थी। वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्या के बाद उसकी स्कूटी शव के ऊपर रख दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक राधेश्याम साहू मूल रूप से तोरपा प्रखंड के डिगरी गांव का निवासी था। वह पिछले करीब दो दशक से रनिया में रहकर बाइक रिपेयरिंग गैराज संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। बताया जाता है कि उसकी पहली पत्नी उसे छोड़ चुकी थी। वर्तमान में वह दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। पहली पत्नी से उसके दो बच्चे हैं।
इधर, घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि डिगरी गांव में चल रहे भूमि विवाद के कारण राधेश्याम की हत्या की गई होगी। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




